Sudarshan News
पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। राज्य में 9 मई को नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस तारीख की घोषणा समिक भट्टाचार्य ने की है। 9 मई को रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी मनाई जाती है, इसी वजह से इस दिन को विशेष सांस्कृतिक महत्व के साथ देखा जा रहा है। चुनाव में बड़ी जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बना हुआ है। पार्टी के अंदर कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। शुभेंदु अधिकारी सबसे मजबूत दावेदारों में माने जा रहे हैं, जिन्होंने भवानीपुर सीट से मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया। इससे पहले भी वे नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को मात दे चुके हैं, जिससे उनकी राजनीतिक स्थिति और मजबूत मानी जा रही है। इसके अलावा दिलीप घोष , समिक भट्टाचार्य , अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली के नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं। विधानसभा चुनाव परिणामों में बीजेपी ने 293 में से 206 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) को इस बार बड़ा नुकसान हुआ और वह 81 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस और आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) को 2-2 सीटें मिलीं, जबकि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) और AISF को एक-एक सीट पर जीत मिली है। फाल्टा सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है, जिसके नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे।
Go to News Site