Sudarshan News
बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख तय हो गई है। यह बड़ा राजनीतिक आयोजन 7 मई को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में किया जाएगा, जहां नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। सूचना के अनुसार इस कैबिनेट विस्तार में कुल 27 मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। एनडीए गठबंधन के सभी सहयोगी दलों को संतुलित प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की जा रही है। बीजेपी से लगभग 12, जेडीयू से 11, जबकि चिराग पासवान की पार्टी एलजेपीआर से 2 मंत्रियों को जगह मिलने की संभावना है। इसके अलावा जीतन राम मांझी की पार्टी HAM और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम से भी एक-एक मंत्री को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है, जिससे गठबंधन में संतुलन और मजबूती बनी रहे। वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ जेडीयू कोटे से दो डिप्टी सीएम पहले से ही सरकार का हिस्सा हैं। ऐसे में इस विस्तार के बाद सरकार को एक नया और व्यापक स्वरूप मिलने की उम्मीद है। पार्टी और प्रशासनिक स्तर पर इसे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीजेपी जानकारो के मुताबिक, इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे यह समारोह राजनीतिक दृष्टि से और भी अहम हो सकता है।
Go to News Site