Sudarshan News
गाजियाबाद। लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन सभागार में शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, नगर महापौर सुनीता दयाल गाजियाबाद शहर विधायक संजीव शर्मा एवं लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत जिलाधिकारी गाजियाबाद रविन्द्र कुमार मांदड़ द्वारा पौधा एवं भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट कर किया गया। अपने संबोधन में मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि शिक्षामित्र शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं और प्रदेश सरकार उनके हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। महापौर सुनीता दयाल ने शिक्षामित्रों को समाज के भविष्य निर्माण का आधार बताते हुए उनके सम्मान को आवश्यक बताया। गाजियाबाद शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयासरत है और शिक्षामित्रों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा। वहीं लोनी विधायक नन्द किशोर गुर्जर ने शिक्षामित्रों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनका सम्मान पूरे समाज का सम्मान है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़मंत्री ने जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने हेतु प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई और शिक्षामित्रों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का ऑनलाइन संबोधन एवं बेसिक शिक्षा मंत्री का ऑनलाइन संबोधन भी प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना और सराहा। समारोह का मुख्य उद्देश्य शिक्षामित्रों के योगदान को सम्मान देना एवं उनके बढ़े हुए मानदेय का वितरण करना रहा। इस अवसर पर शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया, जिससे उनमें नई ऊर्जा, उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। जनपद गाजियाबाद में लोनी, रजापुर, मुरादनगर, भोजपुर एवं नगर क्षेत्र में कुल मिलाकर 451 शिक्षामित्रों को बढ़ा हुआ मानदेय आज उनके खातों में प्राप्त हुआ है। प्रदेश भर में 1.43 लाख शिक्षा मित्रों को इस योजना का लाभ मिला है। समारोह में प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।प्राथमिक विद्यालय भनेड़ा खुर्द लोनी के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना, पीएम श्री विद्यालय मोरटी के बच्चों द्वारा हरियाणवी नृत्य तथा कंपोजिट विद्यालय गढी कटैया की छात्राओं द्वारा उत्तर प्रदेश की कजरी का मनमोहक प्रस्तुतीकरण किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया और कार्यक्रम को अत्यंत यादगार बना दिया। इस अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से बढ़े हुए मानदेय का चेक शिक्षामित्र को प्रदान किया गया,साथ ही उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय लोनी की तीन मेधावी छात्राओं क्रमशः गुलाफ्शा खातून, तानिया एवं बुशरा को दसवीं बोर्ड परीक्षा में क्रमशः 87.3%, 85.6% और 83.2% अंक लाने पर उत्कृष्टता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। जिलाधिकारी ने उन तीनों छात्राओं को जिला प्रशासन की ओर से लैपटॉप प्रदान करने की घोषणा की है, माननीय विधायक लोनी नंदकिशोर गुर्जर ने उनके विद्यालय में पढ़ाई से संबंधित आवश्यक सुविधाये प्रदान करने की घोषणा की। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन पूनम शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश यादव, सह जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश चन्द्र पाण्डेय, पवन भाटी, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला समवयकगण एवं शिक्षा विभाग के अधिकांश कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सम्मान, संस्कृति और प्रेरणा का संगम—शिक्षामित्रों के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक सशक्त कदम यह आयोजन शिक्षामित्रों के सम्मान, उनकी मेहनत की सराहना एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को नई पहचान देने वाला एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक अवसर साबित हुआ।
Go to News Site