Sudarshan News
बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का पहला बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार आज होने जा रहा है। सरकार गठन के करीब 22 दिन बाद पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में दोपहर 12 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। राजनीतिक गलियारों में इस विस्तार को लेकर काफी हलचल बनी हुई है। जानकारी के अनुसार नई कैबिनेट में बीजेपी और जेडीयू के बीच मंत्रिपदों का बंटवारा लगभग बराबरी के आधार पर किया गया है। दोनों दल अपने अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी मौका देकर सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि करीब 31 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इस मंत्रिमंडल विस्तार में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर चर्चाएं तेज हैं। बताया जा रहा है कि जेडीयू नेतृत्व ने उन्हें सरकार में शामिल होने के लिए तैयार कर लिया है। यदि ऐसा होता है तो यह बिहार की राजनीति में बड़ा संकेत माना जाएगा। शपथ ग्रहण से पहले संभावित मंत्रियों को पार्टी नेतृत्व की ओर से सूचना दी जा रही है। बीजेपी की तरफ से जिन नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनमें नीतीश मिश्रा, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, रमा निषाद, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेंद्र पासवान, संजय सिंह टाइगर और मिथिलेश तिवारी शामिल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव और इंजीनियर शैलेंद्र को भी अहम जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। जेडीयू की ओर से नए और पुराने चेहरों को मौका जेडीयू की ओर से जिन नेताओं के नाम सामने आए हैं, उनमें लेसी सिंह, मदन सहनी, भगवान सिंह कुशवाहा, श्वेता गुप्ता और सुनील कुमार शामिल हैं। पार्टी इस बार कुछ नए चेहरों को भी कैबिनेट में जगह देकर संगठन को मजबूत करने की कोशिश में है। जानकारी के मुताबिक दामोदर रावत का नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल है। सहयोगी दलों को भी मिल सकता है प्रतिनिधित्व एनडीए के सहयोगी दलों को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है। चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (आर) से संजय सिंह और संजय पासवान को दोबारा मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से संतोष सुमन का नाम लगभग तय माना जा रहा है। आरएलएम की ओर से उपेंद्र कुशवाहा के परिवार से किसी एक सदस्य को मौका मिलने की चर्चा है। समारोह में शामिल होंगे कई बड़े नेता पटना के गांधी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और जेडीयू प्रमुख नीतीश कुमार समारोह की शोभा बढ़ा सकते हैं। बताया जा रहा है कि अमित शाह और बीजेपी नेतृत्व पहले ही पटना पहुंच चुके हैं, जिससे कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।
Go to News Site