Collector
बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कौन? BJP विधायक दल की बैठक में आज लग सकती है मुहर... 4 दावेदारों पर टिकी सबकी नजरें | Collector
बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कौन? BJP विधायक दल की बैठक में आज लग सकती है मुहर... 4 दावेदारों पर टिकी सबकी नजरें
Sudarshan News

बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कौन? BJP विधायक दल की बैठक में आज लग सकती है मुहर... 4 दावेदारों पर टिकी सबकी नजरें

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के बाद बीजेपी अब सरकार गठन की प्रक्रिया में जुट गई है। राज्य में पहली बार सत्ता में आने जा रही पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। शुक्रवार, 8 मई को कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है कि इसी बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की और दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लिया। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सीमित रह गई। इस जीत के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी ने मुख्यमंत्री पद का कोई आधिकारिक चेहरा घोषित नहीं किया था, लेकिन अमित शाह ने संकेत दिया था कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री बंगाल से ही होगा। बीजेपी के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं। पार्टी ऐसे चेहरे पर दांव लगा सकती है जिसकी संगठन पर मजबूत पकड़ हो और जो राज्य की राजनीति में प्रभावशाली माना जाता हो। हालांकि अंतिम निर्णय को लेकर अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। शुभेंदु अधिकारी सबसे मजबूत दावेदार? बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे माना जा रहा है। बंगाल की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ और जमीनी नेटवर्क को उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जाता है। पिछले दो विधानसभा चुनावों में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनावी मुकाबला किया और जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। पार्टी के भीतर उन्हें बंगाल में बीजेपी का सबसे प्रभावशाली चेहरा माना जा रहा है। दिलीप घोष का नाम भी चर्चा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ बीजेपी नेता दिलीप घोष भी संभावित दावेदारों में शामिल हैं। बंगाल में बीजेपी के विस्तार और संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है, जिसके चलते उन्हें भी मुख्यमंत्री पद का प्रबल उम्मीदवार माना जा रहा है। समिक भट्टाचार्य की भूमिका पर भी नजर मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य का नाम भी संभावित मुख्यमंत्री उम्मीदवारों में शामिल है। उनके नेतृत्व में बीजेपी ने विधानसभा चुनाव में बड़ी सफलता हासिल की। लंबे समय से संगठन से जुड़े समिक भट्टाचार्य आरएसएस पृष्ठभूमि से आते हैं और पार्टी के कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं। अग्निमित्रा पॉल भी संभावित चेहरा बीजेपी नेता और फैशन डिजाइनर अग्निमित्रा पॉल का नाम भी चर्चा में बना हुआ है। अपनी बेबाक शैली के कारण वह पार्टी में अलग पहचान रखती हैं। 2019 में बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने तेजी से राजनीतिक पहचान बनाई। 2021 में पहली बार विधायक बनीं और हालिया चुनाव में भी जीत दर्ज की। पार्टी ने उन्हें इस साल बंगाल बीजेपी का उपाध्यक्ष भी बनाया था।

Go to News Site