Sudarshan News
महाराष्ट्र के नासिक में आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) से जुड़े विवादित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जबरन धर्मांतरण, यौन शोषण और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोपों में फरार चल रही महिला आरोपी निदा खान को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। यह कार्रवाई नासिक क्राइम ब्रांच और छत्रपति संभाजीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की, जिसने कई दिनों की तलाश के बाद उसे नारेगांव इलाके की कैसर कॉलोनी स्थित एक फ्लैट से पकड़ा। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के समय निदा खान अपने परिवार के साथ उसी फ्लैट में रह रही थी। वहां उसकी मां, पिता, भाई और मौसी सहित कुल पांच लोग मौजूद थे। 25 मार्च से फरार चल रही निदा की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगातार सक्रिय थीं। गिरफ्तारी के बाद उसे देर रात अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस मामले में पहले ही अदालत ने निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इससे पहले 20 अप्रैल को भी उसे अंतरिम राहत नहीं मिल पाई थी। जांच में तेजी लाते हुए SIT ने अदालत में रिपोर्ट पेश की थी और जमानत का विरोध किया था। अब तक इस केस में कुल 9 FIR दर्ज की जा चुकी हैं और पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी के रूप में सैफी शेख और रजा मेमन के नाम सामने आए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए जांच एजेंसियों को विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए हैं।
Go to News Site