Sudarshan News
दक्षिणी दिल्ली में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की AATS टीम ने एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान योगेश उर्फ अक्कू के रूप में हुई है, जो कई चोरी, स्नैचिंग और लूट की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी साकेत के पुष्प विहार इलाके में चोरी की स्कूटी बेचने आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और मौके पर बिना हेलमेट स्कूटी चला रहे युवक को पकड़ लिया। जांच में स्कूटी चोरी की निकली, जिसके बाद आरोपी से पूछताछ शुरू की गई। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम खुलासे किए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अंबेडकर नगर इलाके से तीन चोरी की मोटरसाइकिल और एक अन्य स्कूटी बरामद की। बरामद वाहनों में होंडा एक्टिवा और हीरो स्प्लेंडर बाइक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल आगे स्नैचिंग और दूसरी आपराधिक घटनाओं में करता था। जब वाहन खराब हो जाते या पहचान का खतरा बढ़ता तो उन्हें छोड़ देता था। 25 वर्षीय योगेश उर्फ अक्कू मदनगीर इलाके का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, वाहन चोरी और झपटमारी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है ताकि उसके साथ जुड़े अन्य लोगों और चोरी के नेटवर्क का भी पता लगाया जा सके। दिल्ली पुलिस ने इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना है।
Go to News Site