Sudarshan News
पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस समय बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने की स्थिति में पहुंच चुकी है। इसी के साथ मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के चेहरों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। कोलकाता से लेकर दिल्ली तक पार्टी के भीतर लगातार बैठकें हो रही हैं और रणनीति को अंतिम रूप देने की कोशिश चल रही है। पार्टी का फोकस सिर्फ सरकार बनाने पर नहीं, बल्कि राज्य में लंबे समय तक मजबूत पकड़ बनाने पर भी है। मुख्यमंत्री पद के लिए नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराने के बाद वे भाजपा के प्रमुख बंगाली चेहरे के रूप में उभरे हैं और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ भी मानी जाती है। वहीं महिला डिप्टी मुख्यमंत्री के पद को लेकर भी चर्चा तेज है, जिसमें अग्निमित्रा पॉल, लॉकेट चटर्जी और रूपा गांगुली जैसे नामों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। ये सभी नेता अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय और लोकप्रिय चेहरों में गिने जाते हैं। पार्टी नेतृत्व जल्द ही विधायक दल की बैठक में अंतिम निर्णय ले सकता है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के साथ-साथ महिला डिप्टी सीएम के नाम पर भी एक साथ मुहर लग सकती है। अब सबकी नजर इस फैसले पर टिकी है, जो पश्चिम बंगाल की सियासत की नई दिशा तय करेगा।
Go to News Site