Sudarshan News
इनपुट- रवि शर्मा, लखनऊ गर्मियों में विद्युत आपूर्ति को शीर्ष प्राथमिकता दें। प्रदेश में निर्धारित शिड्यूल के अनुरूप सभी क्षेत्रों को मिले निर्बाध विद्युत आपूर्ति। यह निर्देश आज अपर मुख्य सचिव ऊर्जा एवं उ0प्र0 पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ0 आशीष गोयल ने डिस्कॉम की समीक्षा बैठक में दिये।उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति में ट्रांसफार्मर का अत्यधिक महत्व है इसलिये वे क्षतिग्रस्त न हों इसके लिये पूरी सावधानी बरतें। यदि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होंगे तो जिम्मेदारी तय करके वसूली एवं कार्यवाई होगी। गर्मी के मौसम में विद्युत दुर्घटनाओं की भी संभावना बढ़ जाती है। इसलिये कोई भी अनुरक्षण कार्य सुरक्षा मानक पूरा करने के साथ करायें जाये। विद्युत दुर्घटनाओं पर जीरो टॉलरेन्स की नीति है। लापरवाही पर सख्त कार्यवाई होगी। डॉ0 आशीष गोयल ने निर्देशित किया कि स्मार्ट मीटर से सम्बन्धित शिकायतों का प्रतिदिन निस्तारण किया जाये। डिस्काम स्तर पर इसके लिये बनाये गये कंट्रोल रूम एवं मानीटरिंग सेल लगातार समीक्षा करें। अध्यक्ष ने कहा कि उपभोक्ताओं का गलत बिल नहीं बनना चाहिए। इसमें हर स्तर पर सावधानी बरती जानी चाहिए। यदि गलत बिल की कोई शिकायत आती है तो तत्काल उसे ठीक कराये। अध्यक्ष डॉ0 आशीष कुमार गोयल ने विद्युत बिल वसूली के मुद्दे पर सख्त रूख अख्तियार करते हुये कहा कि प्रत्येक डिस्कॉम में ऐसे अधिकारी जिनका कार्य संतोषजनक नहीं है। उनको चिन्हित कर कार्यवाई करिये। अध्यक्ष ने कहा कि सोलर कनेक्शन की समस्याओं को हल कराइये इसमें जो भी दिक्कते हैं खत्म कराइये। सोलर नेट मीटरिंग की लिस्ट बनाकर उनकी जॉच करके समस्याओं को हल करिये। विद्युत वितरण निगमों के कार्यो की समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुये डॉ0 गोयल ने कहाकि बिल ठीक करने के लिये प्रत्येक एस0डी0ओ0 एवं अधिशाषी अभियन्ता के कार्यालय स्तर पर कैम्प लगाये जायें। सभी बिल रिवीजन ऑनलाइन आर0एम0एस0 पर अपलोड किये जायें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता को समझाते हुए बिल संशोधन किये जायें। अध्यक्ष ने कहा कि अविकसित क्षेत्र में कनेक्शन देने के निर्धारित शुल्क में भेदभाव की शिकायतें नहीं आनी चाहिए। इसलिये यह सुनिश्चित किया जाये कि उपभोक्ता के साथ किसी भी स्तर पर शुल्क निर्धारण में भेदभाव न हो, उसे सुगमता से नियम के अनुसार निर्धारित राशि जमाकर कनेक्शन दे दिया जाये। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भेदभाव या अनियमितता की शिकायत आयी तो सख्त कार्यवाई की जायेगी। अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे उपभोक्ता जिनका विद्युत कनेक्शन कटा हुआ है उनसे सम्पर्क करके विद्युत बिल जमा कर कनेक्शन जोड़ने का कार्य किया जायें। शक्ति भवन में सम्पन्न इस समीक्षा बैठक में उ0प्र0 पावर कारपोरेशन के प्रबन्ध निदेशक नितीश कुमार सहित सभी वितरण निगमों के प्रबन्ध निदेशक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Go to News Site