Sudarshan News
तमिलनाडु की राजनीति में रविवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए भव्य समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस ऐतिहासिक मौके पर उनके साथ 9 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। करीब 59 साल बाद राज्य में पहली बार DMK और AIADMK के बाहर किसी पार्टी की सरकार बनी है, जिसे तमिल राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। बहुमत से बनी सरकार, कई दलों का मिला समर्थन TVK ने 234 सीटों में से 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया। बाद में कांग्रेस, CPI, CPM, VCK और IUML के समर्थन से पार्टी के पास कुल 120 से अधिक विधायकों का समर्थन हो गया, जबकि बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत थी। राज्यपाल को सौंपे गए समर्थन पत्र के बाद विजय को सरकार बनाने का मौका मिला। इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी भी चर्चा में रही। अब नई सरकार को 13 मई 2026 तक विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा। नई कैबिनेट में युवा और अनुभवी चेहरों का संतुलन विजय की नई कैबिनेट में कई विविध पृष्ठभूमि के नेता शामिल किए गए हैं। इसमें आधव अर्जुन, एन आनंद, के.ए. सेंगोट्टैयन, एस. कीर्तना, मुस्तफा, टीके प्रभु, वेंकटरमण, अरुण राज और अन्य प्रमुख नाम शामिल हैं। इनमें खेल, प्रशासन, शिक्षा और डिजिटल क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भी शामिल हैं। यह सरकार द्रविड़ राजनीति के लंबे वर्चस्व के बाद एक नई राजनीतिक दिशा के रूप में देखी जा रही है। समर्थकों का मानना है कि विजय का नेतृत्व तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत करेगा।
Go to News Site