Collector
हिमाचल के चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी गाड़ी; 6 लोगों की मौत | Collector
हिमाचल के चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी गाड़ी; 6 लोगों की मौत
Sudarshan News

हिमाचल के चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी गाड़ी; 6 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। चंबा-नूरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ककीरा क्षेत्र के पास पर्यटकों से भरी एक गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गुजरात के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पर्यटक इनोवा क्रिस्टा वाहन में सवार होकर मनाली से डलहौजी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चंबा-नूरपुर हाईवे पर वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और गाड़ी सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे के समय इलाके में तेज बारिश और आंधी चल रही थी, जिससे सड़क काफी फिसलन भरी हो गई थी। खराब मौसम बना हादसे की बड़ी वजह बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में मौसम और सड़क की खराब स्थिति को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक चंबा भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में कुल 10 लोग सवार थे। घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, बाद में उनकी गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर कर दिया गया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुजरात निवासी ललित भाई फटनानी, ममता बेन, काजल, दियांश और प्रियंक कनहिया लाल के रूप में हुई है। इसके अलावा मंडी जिले के जोगिंद्र नगर क्षेत्र निवासी 51 वर्षीय जसवंत सिंह की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद गुजरात और हिमाचल दोनों राज्यों में शोक का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और खराब मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Go to News Site