Sudarshan News
गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में आयोजित ‘सोमनाथ अमृत पर्व-2026’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेष पूजा-अर्चना में भाग लिया। इसी अवसर पर मंदिर के 90 मीटर ऊंचे शिखर पर देश के 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक किया गया। भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल सोमनाथ मंदिर में पहली बार इस तरह का विशेष अनुष्ठान आयोजित हुआ, जिसे देखने के लिए देशभर से श्रद्धालु और कलाकार पहुंचे। कार्यक्रम से पहले पीएम मोदी ने रोड शो में भी हिस्सा लिया, जहां उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सोमनाथ अमृत पर्व का आयोजन मंदिर के पुनर्निर्माण और पुनः प्राण-प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर किया जा रहा है। चार दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में महापूजा, ध्वजारोहण और कुंभाभिषेक जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने स्मारक डाक टिकट और विशेष सिक्का भी जारी किया। आयोजकों के अनुसार, यह महोत्सव सोमनाथ मंदिर को भारत की सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपरा के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत करता है। कुंभाभिषेक के लिए 1,100 लीटर क्षमता वाला विशेष कलश तैयार किया गया, जिसका कुल वजन पानी भरने के बाद करीब 1.86 मीट्रिक टन हो गया। आठ फीट ऊंचे इस कलश में 11 तीर्थ स्थलों का पवित्र जल रखा गया था। मंदिर के ऊंचे शिखर तक इसे पहुंचाने के लिए 350 टन क्षमता वाली विशेष ऑल-टेरेन क्रेन का उपयोग किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण भारतीय परंपरा से जुड़ी यह रस्म आमतौर पर हर 10 से 12 वर्ष में आयोजित होती है और सोमनाथ मंदिर में इसका पहली बार आयोजन किया गया।
Go to News Site