Sudarshan News
2024 लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को अपने दम पर पूर्ण बहुमत नहीं मिला था, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि पार्टी की पकड़ कमजोर पड़ सकती है। हालांकि पिछले कुछ समय में हुए विधानसभा चुनावों और राज्यों में बेहतर प्रदर्शन ने बीजेपी की स्थिति फिर मजबूत कर दी है। महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे अहम राज्यों में बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इन राज्यों को राष्ट्रपति चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यहां के विधायकों के वोटों का मूल्य काफी अधिक होता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन राज्यों में बढ़ती ताकत ने लोकसभा चुनाव में हुए नुकसान की भरपाई करने में मदद की है। लोकसभा चुनाव में घटी थीं बीजेपी की सीटें 2024 के आम चुनाव में बीजेपी की सीटें 303 से घटकर 240 रह गई थीं। इसके चलते पार्टी को राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में वोट वैल्यू के हिसाब से नुकसान झेलना पड़ा था। उस समय सरकार बनाने के लिए बीजेपी को सहयोगी दलों जैसे टीडीपी और जेडीयू का समर्थन लेना पड़ा था। विपक्ष ने तब यह दावा भी किया था कि सरकार ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगी। राष्ट्रपति चुनाव में कैसे तय होती है ताकत? भारत के राष्ट्रपति का चुनाव सांसदों और विधायकों के वोटों से होता है। सभी सांसदों के वोट की वैल्यू समान होती है, जबकि विधायकों के वोट का महत्व राज्य की जनसंख्या के आधार पर तय किया जाता है। यही वजह है कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे बड़े राज्यों की भूमिका राष्ट्रपति चुनाव में निर्णायक मानी जाती है। बड़े राज्यों में बढ़ा NDA का प्रभाव हाल के चुनावों के बाद महाराष्ट्र विधानसभा में एनडीए विधायकों की संख्या पहले की तुलना में काफी बढ़ी है। बिहार और पश्चिम बंगाल में भी गठबंधन की ताकत मजबूत हुई है। हरियाणा जैसे राज्यों में भी बीजेपी को अच्छा समर्थन मिला है। इन परिणामों ने अगले राष्ट्रपति चुनाव से पहले पार्टी की राजनीतिक स्थिति को और मजबूत कर दिया है। उत्तर प्रदेश रहेगा सबसे अहम राष्ट्रपति चुनाव में उत्तर प्रदेश की भूमिका सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण मानी जाती है, क्योंकि यहां के विधायकों के वोटों का मूल्य देश में सबसे अधिक है। ऐसे में यूपी में मजबूत स्थिति किसी भी दल को बड़ा राजनीतिक फायदा दिला सकती है। माना जा रहा है कि 2027 के राष्ट्रपति चुनाव में भी उत्तर प्रदेश निर्णायक भूमिका निभाएगा।
Go to News Site