Sudarshan News
असम विधानसभा चुनाव में एनडीए की बड़ी जीत के बाद आज (12 मई) हिमंता बिस्वा सरमा ने एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह उनके लिए लगातार दूसरा कार्यकाल है, जबकि राज्य में एनडीए की यह तीसरी बार सत्ता में वापसी है। शपथ ग्रहण कार्यक्रम गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में आयोजित किया गया। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने पहले मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को पद की शपथ दिलाई, जिसके बाद नए मंत्रियों ने भी क्रमवार शपथ ग्रहण की। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। चार विधायकों को मिली मंत्री पद की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री के साथ चार विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें अनुभवी और वरिष्ठ नेता शामिल हैं। रामेश्वर तेली डुलियाजन सीट से कांग्रेस उम्मीदवार को बड़े अंतर से हराकर जीत हासिल की। वे पहले सांसद और केंद्रीय राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। अतुल बोरा असम गण परिषद (AGP) के अध्यक्ष अतुल बोरा ने बोकाखाट सीट से बड़ी जीत दर्ज की। वे पहले भी राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं। चरण बोरो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के नेता चरण बोरो ने मजबाट सीट से शानदार जीत हासिल की और अब मंत्री बने हैं। अजंता नियोग असम की अनुभवी नेता अजंता नियोग पांच बार विधायक रह चुकी हैं और राज्य की पहली महिला वित्त मंत्री भी रही हैं। इस बार उन्होंने गोलाघाट सीट से जीत दर्ज की। असम में NDA की लगातार तीसरी सरकार इस जीत के साथ असम में एनडीए ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है। 2016 में सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में पहली बार सत्ता में आए थे, जबकि 2021 में हिमंता बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री बने। अब 2026 में एक बार फिर उनके नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ है। चुनावी परिणामों में NDA का मजबूत प्रदर्शन इस बार एनडीए ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत हासिल की। भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीतीं, जबकि सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की।
Go to News Site