Collector
मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम... CM योगी ने जताया दुख | Collector
मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम... CM योगी ने जताया दुख
Sudarshan News

मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम... CM योगी ने जताया दुख

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। जानकारी के अनुसार अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5:55 बजे प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों का कहना है कि उनकी मृत्यु अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसके बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। कुछ दिन पहले भी हुए थे अस्पताल में भर्ती बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले स्वास्थ्य खराब होने के कारण प्रतीक यादव को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबीयत में सुधार होने के बाद उन्हें घर वापस लाया गया था। इलाज के दौरान समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव भी उनसे मिलने पहुंचे थे। प्रतीक यादव फिटनेस को लेकर काफी जागरूक माने जाते थे। सोशल मीडिया पर वह अक्सर अपने वर्कआउट और फिटनेस से जुड़े वीडियो और तस्वीरें साझा करते रहते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार और करीबी लोग सदमे में हैं। प्रतीक यादव के निधन के बाद लखनऊ पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस उनकी पत्नी अपर्णा यादव के आवास पर जाकर परिवार के लोगों से बातचीत करेगी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह घर के किचन में अचेत अवस्था में पाए गए थे। परिवार के लोगों ने सुबह करीब 4:55 बजे अस्पताल को सूचना दी थी। पुलिस ने उनका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि प्रतीक यादव का असामयिक निधन बेहद दुखद है और उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, 'पद्म विभूषण', स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ… — Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 13, 2026 हालांकि प्रतीक यादव एक बड़े राजनीतिक परिवार से संबंध रखते थे, लेकिन उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी थी। वह मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा की नेता होने के साथ उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं। 2012 में हुई थी अपर्णा यादव से शादी प्रतीक यादव और अपर्णा यादव ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद वर्ष 2012 में विवाह किया था। उस समय उनकी शादी उत्तर प्रदेश की चर्चित हाई-प्रोफाइल शादियों में गिनी गई थी, जिसमें कई बड़े राजनीतिक और सामाजिक चेहरे शामिल हुए थे।

Go to News Site