Collector
राजनीति से दूर, फिटनेस के दीवाने... जानें कौन थे मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव | Collector
राजनीति से दूर, फिटनेस के दीवाने...  जानें कौन थे मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव
Sudarshan News

राजनीति से दूर, फिटनेस के दीवाने... जानें कौन थे मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव

समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव पिछले करीब दो वर्षों से किडनी संबंधी समस्या से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था। इसी बीच 30 अप्रैल को उनकी हालत अचानक बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ सुधार के बाद उन्हें घर वापस लाया गया, लेकिन हालात पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए। राजनीति से दूर, फिटनेस और समाजसेवा में सक्रिय 38 वर्षीय प्रतीक यादव ने राजनीतिक परिवार से होने के बावजूद सक्रिय राजनीति में कदम नहीं रखा। उन्होंने अपना ध्यान फिटनेस, बिजनेस और समाजसेवा पर केंद्रित रखा। लखनऊ में उनका ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम भी था। वे पशु कल्याण से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय थे और एक एनजीओ के माध्यम से जरूरतमंद और बेघर लोगों की मदद करते थे। ‘जीव आश्रय’ संस्था से पशु सेवा प्रतीक यादव जानवरों के प्रति विशेष लगाव रखते थे। उन्होंने ‘जीव आश्रय’ नामक संस्था की स्थापना की थी, जिसके जरिए सड़क पर रहने वाले कुत्तों का इलाज, देखभाल, भोजन और रेस्क्यू का कार्य किया जाता था। पशु कल्याण उनके जीवन का अहम हिस्सा था। प्रतीक ने अपनी शुरुआती पढ़ाई के बाद ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी। पढ़ाई के बाद उन्होंने रियल एस्टेट, फिटनेस और मैनेजमेंट से जुड़े व्यवसायों में काम किया। राजनीति से दूरी बनाकर उन्होंने एक सामान्य और निजी जीवन जीने को प्राथमिकता दी। मुलायम परिवार से जुड़ा संबंध प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। हालांकि वे उनके सौतेले पुत्र थे। उनके परिवार के कई सदस्य सक्रिय राजनीति में हैं, लेकिन प्रतीक ने हमेशा राजनीतिक गतिविधियों से दूरी बनाए रखी। अपर्णा यादव से वैवाहिक जीवन प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव पहले समाजवादी पार्टी से जुड़ी थीं और 2017 में लखनऊ कैंट सीट से चुनाव भी लड़ चुकी थीं। बाद में उन्होंने 2022 में भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली। दोनों की शादी वर्ष 2011 में हुई थी। समय-समय पर उनके वैवाहिक जीवन को लेकर चर्चाएं भी सामने आती रहीं, हालांकि बाद में संबंध सामान्य हो गए थे।

Go to News Site