Sudarshan News
भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में उनकी मौत की प्राथमिक वजह कार्डिएक अरेस्ट बताई गई है। चिकित्सकीय जांच में यह भी सामने आया कि शरीर में खून का थक्का बनने के कारण गंभीर स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, शरीर के निचले हिस्से में बना रक्त का थक्का ऊपर की ओर बढ़ते हुए फेफड़ों की नसों तक पहुंच गया। इसके चलते फेफड़ों में संक्रमण और रक्त प्रवाह में रुकावट पैदा हुई, जिससे सांस लेने की प्रक्रिया प्रभावित हुई और बाद में हृदय गति रुकने से मौत हो गई। डॉक्टरों ने मामले की विस्तृत जांच के लिए दिल और फेफड़ों से जुड़े कुछ नमूनों को संरक्षित किया है। इसके अलावा विसरा भी सुरक्षित रखकर पुलिस को सौंप दिया गया है, ताकि रासायनिक परीक्षण के जरिए अन्य संभावित कारणों की पुष्टि की जा सके। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि शरीर पर जो चोट के निशान पाए गए, वे सभी मृत्यु से पहले के थे। फिलहाल विसरा रिपोर्ट आने के बाद मामले से जुड़ी और जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। प्रतीक यादव के निधन के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है। वह समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई और मुलायम सिंह यादव परिवार के सदस्य थे, जबकि उनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा की सक्रिय नेता हैं।
Go to News Site