Sudarshan News
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की दिल्ली इकाई ने NEET-UG परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और परिषद कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। परिषद का आरोप है कि छात्रों की आवाज उठाने पर पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ABVP का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं छात्रों के भविष्य और मेहनत पर गंभीर असर डाल रही हैं। संगठन के अनुसार, NEET-UG जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करती हैं। परिषद ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जाए। साथ ही जांच से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने की भी मांग की गई, ताकि इस कथित नेटवर्क का खुलासा हो सके और छात्रों का भरोसा दोबारा कायम किया जा सके। ABVP ने परीक्षा संचालन में निजी एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। संगठन का कहना है कि प्रिंटिंग, परीक्षा केंद्र प्रबंधन और स्टाफिंग जैसी संवेदनशील जिम्मेदारियां निजी कंपनियों को सौंपने से सुरक्षा संबंधी खतरे बढ़ जाते हैं और ऐसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ABVP दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इतने गंभीर मामले में जवाबदेही तय करने के बजाय आवाज दबाने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संगठन प्रभावित छात्रों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करता रहेगा।
Go to News Site