Collector
NEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा; सीकर कोचिंग सेंटर तक पहुंचे हाथ से लिखे पेपर... 5 लाख तक की गई थी डील; CBI जांच में सामने आए नए सुराग | Collector
NEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा; सीकर कोचिंग सेंटर तक पहुंचे हाथ से लिखे पेपर... 5 लाख तक की गई थी डील; CBI जांच में सामने आए नए सुराग
Sudarshan News

NEET पेपर लीक में बड़ा खुलासा; सीकर कोचिंग सेंटर तक पहुंचे हाथ से लिखे पेपर... 5 लाख तक की गई थी डील; CBI जांच में सामने आए नए सुराग

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच में खुलासा हुआ है कि NEET-UG 2026 का कथित लीक प्रश्न पत्र यश यादव नामक आरोपी के माध्यम से राजस्थान पहुंचा था। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस पेपर के बदले छात्रों से 2 से 5 लाख रुपये तक की वसूली की गई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी यश यादव का संपर्क विकास बिवाल से था। जांच में यह भी सामने आया है कि विकास बिवाल के पिता दिनेश बिवाल ने प्रश्न पत्र की हार्ड कॉपी को स्कैन कर PDF में बदला था। इसके बाद इसे हाथ से लिखकर आगे फैलाया गया। CBI ने राजस्थान के सीकर जिले के कुछ कोचिंग संस्थानों से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की है। एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि लीक पेपर छात्रों तक कैसे पहुंचाया गया। गिरफ्तार आरोपियों को जयपुर में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। सभी को कड़ी सुरक्षा में न्यायिक प्रक्रिया के लिए लाया गया। जांच में सामने आया है कि यश यादव स्वयं NEET परीक्षा पास नहीं कर सका था और उसने आयुर्वेदिक मेडिकल साइंसेज में स्नातक किया है। वहीं आरोपी शुभम ने खुद को मास्टरमाइंड बताए जाने से इनकार किया है। एजेंसी फिलहाल पूरे लीक नेटवर्क की कड़ी (chain) को जोड़ने में लगी है। पेपर कहां से लीक हुआ, कैसे छात्रों तक पहुंचा और इसमें पैसों का लेन-देन कैसे हुआ। CBI छात्रों और आरोपियों दोनों के बयान दर्ज कर रही है। साथ ही पूरे रैकेट में हुए वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। CBI ने 12 मई को शिक्षा मंत्रालय के तहत उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था, जिसमें परीक्षा में अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोप शामिल थे। सरकार ने 3 मई को हुई NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है और इसे दोबारा आयोजित करने की घोषणा की है। नई परीक्षा तिथि बाद में जारी की जाएगी। इसी बीच बिहार पुलिस ने भी एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो इस पेपर लीक से जुड़ा बताया जा रहा है। राजगीर पुलिस ने कई मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए हैं। इन डिवाइस से मिली चैट्स में पैसों के लेन-देन के संकेत मिले हैं और कई संदिग्ध छात्रों की पहचान की गई है। बता दें कि, NEET-UG 2026 परीक्षा में देशभर से लगभग 22.79 लाख छात्र शामिल हुए थे, जो 551 शहरों और 5,400 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।

Go to News Site