Sudarshan News
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के भवंतरा गांव में गुरुवार सुबह चार लोगों की हत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक ही परिवार के चार सदस्य घर के पास खून से लथपथ हालत में मृत पाए गए, जिसके बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों में पति-पत्नी के साथ उनके नाती और नतनी शामिल हैं। आशंका जताई जा रही है कि सभी पर धारदार हथियार से हमला किया गया। घटना इतनी दर्दनाक थी कि शवों को देखकर आसपास के लोग भी सन्न रह गए। बताया जा रहा है कि परिवार नए मकान के निर्माण कार्य के कारण वहीं अस्थायी रूप से ठहरा हुआ था। सुबह जब मजदूर और मिस्त्री काम के लिए पहुंचे तो उन्होंने चारों को खाट पर पड़े देखा। शरीर पर खून के निशान देखकर तुरंत गांव के सरपंच को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। इस सामूहिक हत्या की घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
Go to News Site