Sudarshan News
पश्चिम बंगाल में 2021 विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े कई पुराने मामले एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। राज्य सरकार की अनुमति के बाद पुलिस ने उन सभी लंबित केसों की फिर से जांच शुरू कर दी है, जो पिछले कई वर्षों से निष्क्रिय पड़े थे। जानकारी के अनुसार, राज्यभर में लगभग 300 ऐसे मामले हैं जिनकी फाइलें दोबारा खोली गई हैं। इनमें गंभीर अपराध जैसे हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराधों से जुड़े केसों को प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस इन मामलों में तेजी से जांच आगे बढ़ाने की तैयारी में है ताकि पुराने लंबित प्रकरणों का निपटारा किया जा सके। लालबाजार में हुई अहम बैठक कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में जांच प्रक्रिया को तेज करने और मामलों को समय पर निष्कर्ष तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने विशेष रूप से महिलाओं के खिलाफ अपराधों और POCSO एक्ट के तहत दर्ज मामलों की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इन मामलों में जल्द चार्जशीट दाखिल करने की रणनीति बनाई जा रही है, ताकि फास्ट-ट्रैक अदालतों के जरिए दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि उनका उद्देश्य पुराने लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाना और पीड़ितों को न्याय दिलाना है। इसके लिए सभी स्तरों पर जांच प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
Go to News Site