Sudarshan News
NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार (15 मई) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि सरकार के लिए छात्रों का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है और किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाकर छात्रों के बीच भ्रम पैदा कर रहे हैं। उन्होंने अपील की कि छात्र केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और अफवाहों से दूर रहें। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि आने वाले साल से NEET परीक्षा में बड़ा बदलाव किया जाएगा। अब यह परीक्षा OMR शीट के बजाय कंप्यूटर आधारित (CBT) प्रणाली में आयोजित होगी। इससे परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की कोशिश की जाएगी। धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि 3 मई को हुई परीक्षा के बाद 7 मई को कुछ प्रश्नों को लेकर शिकायतें मिली थीं। जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि पेपर लीक हुआ है। इसके बाद सरकार ने 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामला सीबीआई को सौंप दिया गया है। मंत्री ने कहा कि सभी कदम छात्रों के हित को ध्यान में रखकर उठाए गए हैं। किसी भी तरह की अनियमितता को पूरी तरह खत्म करने के लिए सरकार और एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। NEET (UG) 2026 की नई तारीख घोषित राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने जानकारी दी है कि NEET (UG) 2026 परीक्षा अब 21 जून को आयोजित की जाएगी। इससे पहले यह परीक्षा 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के चलते इसे रद्द कर दिया गया था। अब दोबारा परीक्षा आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
Go to News Site