Sudarshan News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में अपने पांच देशों के विदेश दौरे को पूरा कर भारत लौट आए हैं। वापसी के तुरंत बाद सरकार की गतिविधियां तेज हो गई हैं और प्रधानमंत्री ने मंत्रिपरिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक को इस साल की पहली बड़ी कैबिनेट-स्तरीय बैठक माना जा रहा है, जिसमें सभी केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। पीएम मोदी ने 15 से 20 मई के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE), नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली का दौरा किया। रोम से वापस लौटने के बाद उन्होंने सीधे देश की प्रशासनिक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित किया है और मंत्रिपरिषद की बैठक का आयोजन किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह बैठक गुरुवार शाम 4 बजे नई दिल्ली स्थित ‘सेवा तीर्थ’ में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसमें कैबिनेट मंत्री, स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और अन्य राज्य मंत्री भाग लेंगे। इस बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी। सरकार द्वारा हाल ही में लिए गए फैसलों की प्रगति, उनकी प्रभावशीलता और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। साथ ही केंद्र सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर भी जोर दिया जाएगा। बैठक में मध्य पूर्व में जारी तनाव और उसके भारत पर संभावित आर्थिक प्रभावों पर भी चर्चा हो सकती है। प्रधानमंत्री इस विषय पर संबंधित मंत्रालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे सकते हैं ताकि आम जनता पर इसका असर कम से कम पड़े। पहले भी सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्रों और नागरिकों के लिए राहत उपायों पर जोर दिया गया है। यह बैठक राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि हाल ही में भाजपा-एनडीए ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी जैसे राज्यों में अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में सरकार की रणनीति और नीतियों पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। मोदी सरकार 3.0 के मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि जून में कैबिनेट विस्तार या फेरबदल हो सकता है। ऐसे में यह बैठक आने वाले राजनीतिक और प्रशासनिक फैसलों के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है।
Go to News Site