Sudarshan News
महाराष्ट्र के उल्हासनगर में एक कथित “लव जिहाद” से जुड़ा मामला सामने आया है, जिसमें एक 27 वर्षीय हिंदू महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी सहित उसके दो भाइयों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी इमरान शेख (33) ने वर्ष 2019 में खुद को “विजय” बताकर उससे संपर्क बनाया था। वह एक गैराज में काम करता था। इसी पहचान के आधार पर दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। शिकायत के मुताबिक, उसी वर्ष आरोपी महिला को अपने पैतृक गांव बिहार ले गया, जहां उसने अपनी असली पहचान उजागर की। इसके बाद उसने कथित तौर पर निकाह कर लिया। महिला ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उस पर धार्मिक रूप से दबाव बनाया जाने लगा। उसे बुर्का और हिजाब पहनने के लिए मजबूर किया गया तथा हिंदू धार्मिक परंपराओं का पालन करने से रोका गया। पीड़िता का दावा है कि उस पर गोमांस खाने का भी दबाव बनाया गया और हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बच्चे के जन्म के बाद यह उत्पीड़न और बढ़ गया। मामले में उल्हासनगर के सेंट्रल पुलिस स्टेशन ने कार्रवाई करते हुए इमरान शेख, सलमान और शाहबाज को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा कुल सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Go to News Site