Sudarshan News
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। अंबेनाली घाट में एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में वाहन में सवार आठ लोगों की मौत हो गई। सभी युवक कोंकण क्षेत्र से घूमकर वापस अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर स्थित अंबेनाली घाट में हुई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सतारा जिले के निवासी थे और कोंकण से सतारा लौट रहे थे। इसी दौरान घाट के खतरनाक मोड़ पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी लगभग 500 से 700 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, महाबलेश्वर ट्रैकर्स ग्रुप और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। हालांकि, रात का अंधेरा और घाटी का दुर्गम इलाका राहत कार्य में बड़ी चुनौती बन गया। गहरी खाई और कठिन रास्तों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद सावधानी के साथ चलाया गया। बचाव दलों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग सातारा जिले के कोरेगांव तहसील स्थित आसगांव गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में महेश अनिल पवार (25), आदित्य अशोक सालुंखे (21), रितेश राजेंद्र लोखंडे (25), सुहास जितेंद्र लोखंडे (20), अंश समीर चव्हाण (18), उत्कर्ष आनंद शिंगटे (21), अनिल अभिमन्यू शिंगटे (25) और नितीन किसन नायकोंडे (35) शामिल हैं। रायगढ़ और सातारा जिले की सीमा पर स्थित अंबेनाली घाट को महाराष्ट्र के सबसे जोखिमभरे घाट मार्गों में गिना जाता है। यहां पहले भी कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। वर्ष 2018 में इसी घाट में एक बड़ा हादसा हुआ था, जब कोकण कृषि विश्वविद्यालय की बस खाई में गिर गई थी। उस दुर्घटना में 30 लोगों की जान चली गई थी।
Go to News Site