Sudarshan News
दिल्ली स्थित आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में कैंसर मरीजों के उपचार को और बेहतर बनाने के लिए अत्याधुनिक रेडियोथेरेपी मशीन की शुरुआत की गई है। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने 25 मई 2026 को इस नई तकनीक का उद्घाटन किया। इस कदम से सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को उन्नत कैंसर उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अस्पताल के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग में स्थापित की गई नई “रिंग गैन्ट्री आधारित लिनियर एक्सेलेरेटर” मशीन कैंसर मरीजों के इलाज में अहम भूमिका निभाएगी। अस्पताल में लगातार बढ़ रहे मरीजों के दबाव को देखते हुए यह तकनीक उपचार क्षमता बढ़ाने में मददगार साबित होगी। नई मशीन के जरिए कई आधुनिक रेडियोथेरेपी तकनीकों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इनमें वॉल्यूमेट्रिक मॉड्यूलेटेड आर्क थेरेपी (VMAT), इंटेंसिटी मॉड्यूलेटेड रेडिएशन थेरेपी (IMRT), इमेज गाइडेड रेडिएशन थेरेपी (IGRT), स्टीरियोटैक्टिक बॉडी रेडिएशन थेरेपी (SBRT) और स्टीरियोटैक्टिक रेडियोसर्जरी (SRS) शामिल हैं। यह तकनीक ट्यूमर पर बेहद सटीक तरीके से रेडिएशन पहुंचाने में सक्षम है, जिससे शरीर के आसपास के स्वस्थ ऊतकों को कम नुकसान होगा और मरीजों के उपचार के बेहतर परिणाम सामने आने की उम्मीद है। सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (AFMS) के तहत यह नई मशीन पुराने उपकरण की जगह लाई गई है, जिसे अब हटाया जा चुका है। इसे सेना की ऑन्कोलॉजी सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, आने वाले समय में AFMS के अन्य कैंसर उपचार केंद्रों को भी चरणबद्ध तरीके से आधुनिक तकनीकों से लैस किया जाएगा। इस अवसर पर DG AFMS सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन, आर्मी हॉस्पिटल (R&R) के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल अविनाश दास समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Go to News Site