Collector
गुलमर्ग गोंडोला हादसा टला, रोपवे बीच हवा में फंसा, 300 पर्यटकों का रेस्क्यू जारी | Collector
गुलमर्ग गोंडोला हादसा टला, रोपवे बीच हवा में फंसा, 300 पर्यटकों का रेस्क्यू जारी
Sudarshan News

गुलमर्ग गोंडोला हादसा टला, रोपवे बीच हवा में फंसा, 300 पर्यटकों का रेस्क्यू जारी

जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गोंडोला केबल कार सेवा अचानक तकनीकी खराबी के कारण रुक गई। इस घटना के चलते करीब 300 पर्यटक केबल कार के डिब्बों में हवा में ही फंस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में डर फैल गया। सूचना मिलते ही सेना की 9 राज राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पर्यटकों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बचाव कार्य की निगरानी के लिए तंगमर्ग के एसडीएम और तहसीलदार भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोंडोला सेवा अचानक बंद होने से कई पर्यटक घबरा गए। खासकर महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल देखा गया। हालांकि प्रशासन ने दावा किया कि स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण रखा गया और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। घटना के बाद तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम केबल कार सेवा में आई खराबी के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही सेवा को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा मानकों की पूरी जांच और संतुष्टि के बाद ही गोंडोला सेवा को फिर से चालू किया जाएगा। गुलमर्ग गोंडोला को एशिया की सबसे ऊंची और दुनिया की प्रमुख केबल कार सेवाओं में गिना जाता है। हर साल बड़ी संख्या में देश और विदेश से पर्यटक यहां घूमने पहुंचते हैं। ऐसे में इस घटना ने पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Go to News Site