Sudarshan News
उत्तर प्रदेश के औरास इलाके में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रही एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस हादसे में बिहार के एक दारोगा, एक कैदी समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दिल्ली से बिहार जा रही थी बस जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली से बिहार की ओर जा रही थी। मृतकों में शामिल दारोगा रामचंद्र एक कैदी छत्रपाल को बयान दर्ज कराने के लिए दिल्ली लेकर गए थे और वापस बिहार लौट रहे थे। हादसे के समय बस में ज्यादातर यात्री सो रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना सुबह लगभग छह बजे हुई। माना जा रहा है कि चालक को झपकी आने के कारण बस नियंत्रण खो बैठी। डिवाइडर से टकराने के बाद बस पलट गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग खिड़कियों से बाहर गिरकर एक्सप्रेसवे के किनारे जा पहुंचे। घटना के कुछ ही मिनटों बाद यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचना दी गई। औरास थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र लाल समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया गया।
Go to News Site