Collector
सड़क दुर्घटना करने वाले 26 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई | Collector
सड़क दुर्घटना करने वाले 26 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
Sudarshan News

सड़क दुर्घटना करने वाले 26 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई

*गाजियाबाद। अशोक कुमार श्रीवास्तव सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि जनपद गाजियाबाद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु परिवहन विभाग द्वारा लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देशों के अनुपालन में सड़क दुर्घटनाएं कारित करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की गई है। आशोक कुमार श्रीवास्तव, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), गाजियाबाद द्वारा मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा-19 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए कुल 26 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंसों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई। इनमें से 22 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि 04 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई उन मामलों में की गई है, जिनमें वाहन चालकों द्वारा अत्यधिक लापरवाही, तेज गति, असावधानी एवं यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क दुर्घटनाएं कारित की गईं, जिससे जनहानि हुई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। भविष्य में भी सड़क दुर्घटना कारित करने वाले तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। *जनसामान्य से अपील*:- जनपदवासियों से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं तथा सड़क सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Go to News Site