Collector
मध्य प्रदेश के पन्ना में दर्दनाक हादसा; निर्माणाधीन कुआं धंसने से 5 मजदूरों की मौत | Collector
मध्य प्रदेश के पन्ना में दर्दनाक हादसा; निर्माणाधीन कुआं धंसने से 5 मजदूरों की मौत
Sudarshan News

मध्य प्रदेश के पन्ना में दर्दनाक हादसा; निर्माणाधीन कुआं धंसने से 5 मजदूरों की मौत

मध्य प्रदेस के पन्ना जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। अजयगढ़ क्षेत्र के बीहरपुवा गांव में निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी अचानक धंस जाने से वहां काम कर रहे कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार गांव में एक निजी कुएं का निर्माण कार्य चल रहा था। मजदूर और स्थानीय लोग खुदाई में जुटे थे, तभी अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। देखते ही देखते कुएं के भीतर मौजूद लोग मलबे में दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। स्थानीय ग्रामीण भी बचाव अभियान में शामिल हुए और लोगों को बाहर निकालने में मदद की। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक पांच लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। वहीं एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि भारी मिट्टी के दबाव और अचानक हुए धंसाव के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते तो शायद इतना बड़ा हादसा टल सकता था। जिला प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एनडीआरएफ और स्थानीय बचाव दल की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

Go to News Site