Dainik Bhaskar
पटना के बाढ़ में गंगा में नाव पलटने से 2 लोगों की डूबने से मौत हो गई। जबकि 5 लापता बताए जा रहे हैं। 7 लोगों को बचा लिया गया है। नाव पर करीब 14 लोग सवार थे। जिसमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल थे। हादसा उमानाथ मंदिर के सामने गंगा नदी में हुआ है। मृतकों की पहचान नीलम कुमारी (30) और काशी कुमार (15) के रूप में हुई है। नाव पर सवार सभी लोग बाढ़ थाना क्षेत्र के मासूमगंज बिंद टोली के निवासी थे। गुरुवार की सुबह 5:45 बजे बिंद टोली के 14 लोग नाव से समस्तीपुर जिला के सुल्तानपुर दियारा, मोहिउद्दीननगर गए थे। अक्सर लोग परवल तोड़ने और अन्य खेती कार्यों से वहां जाते हैं। वापस लौटने के दौरान तेज हवा और छोटी नाव पर क्षमता से अधिक लोड के कारण नाव पलट गई। नाव पर बचाव के उपकरण भी नहीं थे। घटना बाढ़ के उमानाथ इलाके की है। हादसे के बाद की कुछ तस्वीरें देखिए स्थानीय लोगों के मुताबिक, मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। मौके पर NDRF और SDRF की टीम मौजूद है। लापता हुए लोगों की तलाश जारी है। लापता लोगों की हो रही तलाश घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सभी लोग गंगा पार दियारा इलाके से सब्जियां लादकर एक छोटी नाव से उमानाथ मंदिर घाट लौट रहे थे। इसी दौरान नाव अचानक पलट गई। बताया जाता है कि ये लोग रोज सुबह नाव के जरिए सब्जियां लेकर उमानाथ मंदिर परिसर में बेचने आते थे। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। घायलों में श्रवण कुमार, राहुल कुमार, ममता देवी, कबूतरी कुमारी और 16 साल की नाबालिग है। बाकी 3 की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
Go to News Site