Sudarshan News
मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम सुबह से ही उनके आवास पर पूछताछ कर रही थी, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। यह मामला भोपाल पुलिस से सीबीआई को ट्रांसफर किए जाने के बाद फिर से नए सिरे से जांच में लिया गया था। सीबीआई ने मामले में नई एफआईआर दर्ज करते हुए दहेज हत्या से जुड़े गंभीर आरोप शामिल किए हैं। जांच एजेंसी ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम की धाराएं भी लगाई हैं। एफआईआर के अनुसार, ट्विशा शर्मा और समर्थ की शादी 9 दिसंबर 2025 को हुई थी। शादी के बाद से ही परिवार, खासकर सास गिरिबाला सिंह पर दहेज के लिए प्रताड़ना के आरोप लगाए जा रहे हैं। इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बुधवार को बड़ा फैसला सुनाते हुए गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। न्यायमूर्ति देवनारायण मिश्रा ने अपने 17 पन्नों के आदेश में कहा कि उपलब्ध तथ्यों और आरोपों को देखते हुए निचली अदालत द्वारा दी गई अग्रिम जमानत उचित नहीं मानी जा सकती। याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत में यह भी दावा किया गया कि जमानत मिलने के बाद आरोपी पक्ष ने जांच को प्रभावित करने की कोशिश की। बताया गया कि पुलिस ने 13 मई को घर से सीसीटीवी फुटेज जब्त किए थे, लेकिन बाद में उनके कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर सामने आए, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई गई। अभियोजन पक्ष ने अदालत में यह भी कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रायल कोर्ट को जमानत देने से पहले सभी साक्ष्यों का और गहन परीक्षण करना चाहिए था।
Go to News Site