Sudarshan News
दिल्ली में नरेला विधानसभा के पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री इन्द्राज सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर उनके पुत्र, बवाना से विधायक और दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने परिवार सहित उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समर्थक, शुभचिंतक और क्षेत्र के ग्रामीण भी उपस्थित रहे, जिन्होंने स्वर्गीय नेता को याद किया। इस अवसर पर मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल करते हुए पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना केवल प्रतीकात्मक कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जिम्मेदारी निभाने जैसा है। उन्होंने सभी से पर्यावरण को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। मंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि उनके पिता स्वर्गीय इन्द्राज सिंह का जीवन हमेशा समाजसेवा और जनहित को समर्पित रहा। उन्होंने बताया कि पिता के विकास कार्यों और जनता से जुड़ाव ने ही उन्हें राजनीति में आने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि उनके पिता हमेशा वंचित और जरूरतमंद वर्ग की सेवा को सर्वोच्च कर्तव्य मानते थे। रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि उनके पिता ने उन्हें हमेशा यह सिखाया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार और सुविधाएं पहुंचाना ही सच्ची सेवा है। इसी सोच को वे अपने कार्यों में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र सर्वप्रथम” की भावना ही उनके जीवन की दिशा तय करती है और वे इसे अपनी कार्यशैली का आधार मानते हैं। मंत्री ने बताया कि बवाना क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो इलाके लंबे समय से विकास से पीछे रह गए थे, वहां योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वे नियमित रूप से जनता दरबार और जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करते हैं, जो उनके पिता की कार्यशैली से प्रेरित है। कार्यक्रम के अंत में मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि उनके संस्कार और आशीर्वाद हमेशा उनके जीवन का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने भावुक होकर कहा कि स्वर्गीय इन्द्राज सिंह का पूरा जीवन सेवा और समाज कल्याण के लिए समर्पित रहा।
Go to News Site