Sudarshan News
महाराष्ट्र में एक बार फिर संदिग्ध जहरीली शराब का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के कई इलाकों में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने के बाद 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दापोडी, फुगेवाड़ी, काले पड़ल और हडपसर इलाके के निवासी शामिल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, शराब पीने के कुछ समय बाद कई लोगों की हालत अचानक खराब होने लगी। कुछ लोगों के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई। हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन कई लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब कथित तौर पर स्पिरिट मिलाकर तैयार की गई थी। पुलिस ने इस मामले में योगेश वानखेडे नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जो अवैध शराब कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है। उसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मौतों की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। अधिकारियों ने फिलहाल जहरीली शराब से मौत की पुष्टि नहीं की है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों के परिवार या रिश्तेदारों की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं कुछ अन्य लोगों की मौत के मामलों की भी जांच जारी है, जिनकी परिस्थितियां संदिग्ध बताई जा रही हैं। घटना के बाद प्रभावित इलाकों में डर और चिंता का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अवैध शराब से दूर रहने की अपील की है, जबकि पुलिस अवैध शराब के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
Go to News Site