Collector
डीके शिवकुमार कैबिनेट को लेकर बड़ा अपडेट, संभावित मंत्रियों की सूची आई सामने; जानिए मंत्रिमंडल में किसे मिल सकती है जगह | Collector
डीके शिवकुमार कैबिनेट को लेकर बड़ा अपडेट, संभावित मंत्रियों की सूची आई सामने; जानिए मंत्रिमंडल में किसे मिल सकती है जगह
Sudarshan News

डीके शिवकुमार कैबिनेट को लेकर बड़ा अपडेट, संभावित मंत्रियों की सूची आई सामने; जानिए मंत्रिमंडल में किसे मिल सकती है जगह

कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री पद से सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद राज्य में नई सरकार के गठन की कवायद तेजी से आगे बढ़ रही है। कांग्रेस नेतृत्व अब अगले मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के गठन को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। माना जा रहा है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार नई सरकार की कमान संभाल सकते हैं। जानकारी के अनुसार, डीके शिवकुमार ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया और तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इसे सरकार गठन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई कैबिनेट को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। पार्टी नेतृत्व अनुभव, सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए मंत्रियों का चयन कर सकता है। संभावित चेहरों में यतींद्र सिद्धारमैया, दिनेश गुंडू राव, लक्ष्मी हेब्बालकर, रामलिंगा रेड्डी, रिजवान अरशद, यू.टी. खादर, शरथ बाचेगौड़ा, ए.एस. पोन्नन्ना और बायराथी सुरेश के नाम प्रमुख रूप से लिए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रियंक खरगे, एम.बी. पाटिल, जी. परमेश्वर, कृष्णा बायरेगौड़ा, ईश्वर खंड्रे, के.जे. जॉर्ज, एच.सी. महादेवप्पा और संतोष लाड भी मंत्रिमंडल में स्थान पाने की दौड़ में बताए जा रहे हैं। राज्य की राजनीतिक दिशा तय करने के लिए आज शाम 4 बजे कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में विधायक दल के नए नेता के चयन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। माना जा रहा है कि चुना गया नेता मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार होगा। बैठक से पहले डीके शिवकुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने पार्टी अध्यक्ष का आशीर्वाद भी लिया। शिवकुमार ने स्पष्ट किया था कि फिलहाल पार्टी की प्राथमिकता विधायक दल के नेता का चुनाव है और इसके बाद ही अन्य राजनीतिक निर्णयों पर चर्चा होगी। कांग्रेस विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता सिद्धारमैया करेंगे, जो अब तक विधायक दल के नेता रहे हैं। बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे, जिनमें कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार, विधान परिषद में पार्टी के नेता एनएस बोस राजू और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। पार्टी की ओर से सभी विधायकों, विधान परिषद सदस्यों, लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को बैठक में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। इस बैठक के बाद कर्नाटक की नई राजनीतिक तस्वीर काफी हद तक साफ हो सकती है।

Go to News Site