Collector
कर्नाटक को कब मिलेगा नया मुख्यमंत्री? शपथ ग्रहण समारोह को लेकर आया बड़ा अपडेट | Collector
कर्नाटक को कब मिलेगा नया मुख्यमंत्री? शपथ ग्रहण समारोह को लेकर आया बड़ा अपडेट
Sudarshan News

कर्नाटक को कब मिलेगा नया मुख्यमंत्री? शपथ ग्रहण समारोह को लेकर आया बड़ा अपडेट

कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य में सत्ता की कमान वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार को सौंपने का फैसला किया है। इसके साथ ही वह राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में 3 जून को शपथ ग्रहण करेंगे। नेतृत्व परिवर्तन की इस प्रक्रिया के तहत पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पार्टी के निर्देशों के बाद अपना पद छोड़ दिया। शनिवार को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें डीके शिवकुमार को विधायक दल का नेता चुने जाने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बैठक में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद राज्यपाल को नई सरकार गठन का दावा पेश किया जा सकता है। बैठक में पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक की शुरुआत सिद्धारमैया के कार्यकाल और योगदान की सराहना से होगी, जिसके बाद नए नेता के चयन की घोषणा की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह 3 जून को आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए बेंगलुरु स्थित लोकभवन के ग्लास हाउस को संभावित स्थल माना जा रहा है। समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। कर्नाटक कांग्रेस में पिछले कुछ वर्षों से नेतृत्व को लेकर लगातार चर्चाएं और राजनीतिक गतिविधियां चल रही थीं। ऐसे में शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने के फैसले को पार्टी की रणनीतिक योजना का हिस्सा माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह निर्णय कांग्रेस नेतृत्व और राज्य के वरिष्ठ नेताओं के बीच कई दौर की चर्चा के बाद लिया गया। डीके शिवकुमार को कांग्रेस का मजबूत संगठनात्मक नेता माना जाता है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनके करीबी संबंधों की भी चर्चा होती रही है। चुनावी अभियानों और संगठन को मजबूत करने में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के साथ कुछ विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। कांग्रेस आगामी दिनों में कैबिनेट गठन और विभागों के बंटवारे को लेकर व्यापक विचार-विमर्श करेगी।

Go to News Site