Collector
सूर्या चौहान हत्या मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन; 50 हजार का इनामी आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर | Collector
सूर्या चौहान हत्या मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन;  50 हजार का इनामी आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर
Sudarshan News

सूर्या चौहान हत्या मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन; 50 हजार का इनामी आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर

गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में हाल ही में हुए युवक हत्याकांड के मुख्य आरोपी और पुलिस के बीच शनिवार देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के दौरान उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। इंदिरापुरम के एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम वसुंधरा क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें मुख्य आरोपी असद घायल हो गया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक 28 मई को खोड़ा क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में एक युवक की हत्या के मामले में असद नामक आरोपी की तलाश की जा रही थी। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। जांच एजेंसियां घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक सूर्या और आरोपी असद के बीच नई बाइक को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि सूर्या ने असद से उसकी नई बाइक चलाने के लिए मांगी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक रूप ले गई। आरोप है कि विवाद के दौरान सूर्या पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मुठभेड़ के बाद फरार हुए आरोपी के साथी की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Go to News Site