Sudarshan News
इनपुट- ज्ञानेश लोहानी, लखनऊ एस०टी०एफ०, उत्तर प्रदेश को थाना पीजीआई पुलिस के साथ संयुक्त कार्यवाही में दिनांक 27-05-2026 को जनपद लखनऊ में हुई प्रापर्टी डीलर संदीप सिंह हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सहित 02 अभियुक्तो को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई। बता दें कि दिनांक 27-05-2026 को जनपद लखनऊ में प्रापर्टी डीलर संदीप सिंह की गोली मारकर हुई हत्या की घटना के सम्बन्ध में थाना पी०जी०आई० जनपद लखनऊ में मु०अ०सं० 291/2026 धारा 103 (1) बीएनएस थाना-पीजीआई, कमिश्नरेट लखनऊ पर पंजीकृत हुआ है।इस घटना के अनावरण हेतु एस०टी०एफ० की विभिन्न इकाईओं/टीमों को अभिसूचना संकलन एवं कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया था। उक्त निर्देश के क्रम में दीपक कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उ०प्र० के पर्यवेक्षण में अभिसूचना संकलन की कार्यवाही की जा रही थी। इसी क्रम में आज सूचना प्राप्त हुई कि मु0अ0सं0 291/2026 धारा 103 (1) बीएनएस थाना-पीजीआई, कमिश्नरेट लखनऊ में शामिल अभियुक्त डलौना अन्डरपास के नीचे, सर्विस लेन, डलौना आने वाला है। इस सूचना को स्थानीय पुलिस से साझा करते हुए निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार सिंह, उ०नि० विकास, उ०नि० अंकित ठकरान, आ० शिवम, आ० विनय मौर्या, आ० मनोज यादव की टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसने अपना नाम मुबीन उपरोक्त बताया। पूछताछ में अभियुक्त मुकर्रबीन उर्फ मुबीन द्वारा बताया गया कि मैं ड्राइवर का कार्य करता हूँ तथा वर्ष 2016 से दिनेश कुमार यादव पुत्र स्व० रामचन्द्र यादव निवासी जनपद अम्बेडकरनगर की गाड़ी चलाता हूँ। दिनेश यादव विभिन्न स्थानों पर प्रॉपर्टी का कार्य करता है। उसका संदीप सिंह से समदा स्थित जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण संदीप सिंह द्वारा लगातार मुकदमेबाजी एवं शिकायतें की जा रही थीं जिसके वजह से दिनेश यादव अत्यंत परेशान रहता था। इसी बात से परेशान होकर दिनेश यादव ने मुझसे कहा कि अब संदीप सिंह को रास्ते से हटाना ही पड़ेगा। इस बात पर मैने संदीप सिंह की हत्या के लिए एक आदमी से बातचीत करके 05 लाख रूपये में बात तय हुई। उस व्यक्ति ने 02 शूटर बुलवाया जिसके लखनऊ में रहने आदि की व्यवस्था मेरे द्वारा की गयी। दिनेश यादव के कहने पर मैंने शूटरों को संदीप सिंह के आने-जाने का रूट दिखाया। इस घटना को अंजाम देने के लिए एक मोटर साइकिल की आवश्यकता थी जिसे खरीदने के लिए दिनेश कुमार यादव द्वारा मुझे पैसा दिया गया जिस पैसे से मैने अमीनाबाद से एक सेकेंड हैंड अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी। जिस पर वास्तविक नम्बर प्लेट हटाकर फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर कई बार रेकी एवं घटना को अंजाम दिया गया। दिनेश कुमार यादव के बताये अनुसार शूटरों द्वारा दिनांक 27-05-2026 को उक्त घटना को अंजाम देने के लिए कहा गया, जिस पर बकरीद का त्योहार होने के बहाने मै घर चला गया तथा दिनेश कुमार यादव भी कही जाने वाला था, जिससे कि घटना के दिन हम लोगों की मौजूदगी जनपद लखनऊ में न रहे। दिनांक 27-05-2026 के दोपहर में शूटरों द्वारा फोन करके बताया गया कि संदीप सिंह की हत्या हो गयी है।
Go to News Site