Sudarshan News
दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में बुधवार (3 जून) को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब “लेमन ग्रीन” नामक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को सुबह करीब 09:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल विभाग की कई टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बेसमेंट सहित पूरी इमारत से लगभग 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिनमें कई गंभीर रूप से घायल थे। अधिकारियों के अनुसार, इमारत में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिसके चलते तलाशी और बचाव अभियान लगातार जारी है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। DDMA दक्षिण जिला के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इमारत के निचले हिस्से में रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन आशंका है कि यही संचालन हादसे का कारण बना हो सकता है। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिया कि रेस्टोरेंट संभवतः किसी अन्य अनुमति या लाइसेंस की आड़ में चलाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इसी बीच बिजली आपूर्ति कंपनी BSES ने एहतियातन बिजली काट दी, जिससे आग पर काबू पाने में मदद मिली। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आग फैलने के बाद इमारत से बाहर निकलने के रास्ते बंद हो गए थे। घबराहट में कई लोग बालकनी और खिड़कियों से नीचे कूदने को मजबूर हुए। स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दे और कपड़े बिछाकर कुछ लोगों की जान बचाने की कोशिश की। प्रशासन ने एमसीडी से यह जानकारी मांगी है कि रिहायशी इलाकों में कितने ऐसे रेस्टोरेंट और होटल वैध रूप से संचालित हो रहे हैं। सभी प्रतिष्ठानों की जांच करने की बात भी कही गई है ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई हो सके। मालवीय नगर विधायक सतीश उपाध्याय ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और वे स्वयं भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज की निगरानी की जा रही है और मुख्यमंत्री स्तर पर भी लगातार संपर्क बना हुआ है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Go to News Site