Sudarshan News
*गाजियाबाद।* विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनपदवासियों से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। वृक्षारोपण के माध्यम से प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, सभी नागरिकों से इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के रूप में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसके संरक्षण एवं संवर्धन का भी उत्तरदायित्व निभाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों से भी अपील करते हुए कहा कि वे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान में अपनी महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभवों एवं मार्गदर्शन के माध्यम से तथा बच्चे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण की भावना को परिवार एवं समाज में विकसित करने के लिए सभी आयु वर्ग के लोगों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने बताया कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध करने में सहायक होते हैं, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण, भूजल स्तर को बनाए रखने तथा प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधरोपण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करते हुए अधिकाधिक संख्या में पौधे लगाए जाएं तथा जनपद को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने में अपना योगदान दें।
Go to News Site