Sudarshan News
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की ताजा बैठक समाप्त हो गई है, जिसमें लिए गए निर्णयों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई। इस बार केंद्रीय बैंक ने आम जनता को राहत देते हुए ब्याज दरों में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया है। RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बताया कि रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर यथावत रखा गया है। यह लगातार दूसरी बार है जब ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पहले अप्रैल में भी दरों को स्थिर रखा गया था, जबकि दिसंबर 2025 में इसे 0.25 प्रतिशत घटाया गया था। लोन और EMI पर राहत बरकरार ब्याज दरों में कोई वृद्धि न होने का सीधा फायदा आम लोन ग्राहकों को मिलेगा। होम लोन, कार लोन और अन्य ऋणों की EMI में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं होगी, जिससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक दबाव नहीं बढ़ेगा। गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि वैश्विक स्तर पर जारी आर्थिक अस्थिरता और व्यापारिक चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा आर्थिक ढांचा पहले की तुलना में अधिक स्थिर और सक्षम है, जिससे बाहरी झटकों का प्रभाव सीमित रहेगा। RBI प्रमुख ने यह भी बताया कि दुनिया भर में सप्लाई चेन में बाधाएं, बाजार में उतार-चढ़ाव और व्यापारिक अनिश्चितताओं का माहौल बना हुआ है। इसके अलावा मध्य-पूर्व में तनाव और अल-नीनो की आशंका जैसे कारक भारत की आर्थिक वृद्धि पर असर डाल सकते हैं, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। छह सदस्यीय MPC की बैठक बुधवार से शुरू हुई थी, जो तीन दिनों तक चली। बैठक में आर्थिक स्थिति, महंगाई और वैश्विक जोखिमों को ध्यान में रखते हुए मौद्रिक नीति पर निर्णय लिया गया।
Go to News Site