Sudarshan News
मुरादाबाद सदर तहसील के ग्राम डिडोरी में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर हुए कथित अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मस्जिद परिसर के एक हिस्से में बने अवैध निर्माण को हटाया। जानकारी के अनुसार, गाटा संख्या-182 की लगभग 0.2230 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में तालाब के रूप में दर्ज है। आरोप है कि इस भूमि के लगभग 200 वर्ग मीटर हिस्से पर पक्का निर्माण कर मस्जिद से जुड़े वजूखाने का निर्माण किया गया था। मामले की सूचना जिलाधिकारी को मिलने के बाद एसडीएम सदर अभय सिंह के नेतृत्व में एक राजस्व टीम गठित की गई। टीम ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की और स्थिति का निरीक्षण किया। शुक्रवार को मस्जिद कमेटी की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल वजूखाने तक सीमित रही और मस्जिद को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाई गई। ध्वस्तीकरण के बाद राजस्व विभाग ने चेतावनी दी कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Go to News Site