Collector
लखनऊ में होटल-रेस्त्रां में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच शुरू, एलडीए ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों संग की बैठक | Collector
लखनऊ में होटल-रेस्त्रां में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच शुरू, एलडीए ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों संग की बैठक
Sudarshan News

लखनऊ में होटल-रेस्त्रां में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच शुरू, एलडीए ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों संग की बैठक

इनपुट- अंशुमान दुबे, लखनऊ एलडीए व अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को शहर में अभियान चलाकर होटल-रेस्त्रां में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच की। इस दौरान भवनों के स्वीकृत मानचित्र व फायर एनओसी के सापेक्ष स्थल पर निर्मित क्षेत्र व सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण किया गया। वहीं, एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर आरडब्ल्यूए (रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) के पदाधिकारियों के साथ अग्नि सुरक्षा के सम्बंध में बैठक की गयी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि दिल्ली में होटल में आग से हुये दर्दनाक हादसे के दृष्टिगत शहर में बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के आदेश दिये गये हैं। जिसके लिए एलडीए के प्रवर्तन व अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम गठित की गयी है। शनिवार को ज्वाइंट टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर बहुमंजिला भवनों में संचालित होटलों व रेस़्त्रां में जांच की। प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी के नेतृत्व में टीम ने विभूति खण्ड स्थित होटल सैवी ग्रैंड, मधुरिमा एवं कम्फर्ट इन में निरीक्षण किया। वहीं, प्रवर्तन जोन-6 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह की अगुवाई में टीम ने जेमिनी कॉन्टीनेंटल, चरन व रेजेंटा आदि होटलों में सुरक्षा मानकों की जांच की। 29 होटल मालिकों से मांगे गये दस्तावेज- इसी तरह प्रवर्तन जोन-5 में जोनल अधिकारी वंदना पाण्डेय ने टीम के साथ चिनहट में अयोध्या रोड व इंदिरा नगर में होटलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। उपाध्यक्ष ने बताया कि 29 होटल मालिक/प्रबंधकों से स्वीकृत भवन मानचित्र व फायर एनओसी मांगी गयी है। ज्वाइंट टीम द्वारा स्थल निरीक्षण में अंकित किये गये बिन्दुओं का दस्तावेजों से मिलान कराया जाएगा। इसमें खामी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आरडब्ल्यूए के साथ हुयी बैठक- एलडीए कार्यालय के कमेटी हॉल में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गयी। इसमें अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल, उप सचिव माधवेश कुमार, अधिशासी अभियंता नीरज कुमार समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे। इसमें आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों द्वारा फायर एनओसी व अन्य सुरक्षा उपायों के सम्बंध में अपनी मांगे रखी गयीं। इस पर अधिकारियों ने अवगत कराया कि सभी इमारतों में सुरक्षा ऑडिट व मॉकड्रिल करवायी जाएगी। इसके अलावा जिन अपार्टमेंट में प्रमाण पत्र नहीं दिये गये हैं, उन्हें शीघ्र जारी कर दिया जाएगा। अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी ने कहा कि अग्नि सुरक्षा को लेकर जो भी कदम उठाये जाने हैं, आरडब्ल्यूए के सहयोग के साथ उसे सुनिश्चित कराया जाएगा।

Go to News Site