Sudarshan News
गाजियाबाद निवासी सलीम (उम्र लगभग 30 वर्ष) के खिलाफ शादी का झांसा देकर धोखा देने और एक युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामले में पीड़ित महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “अभियान संवेदना” के तहत पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए खरसिया पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। खरसिया क्षेत्र की 45 वर्षीय महिला 05 जून 2026 को एसएसपी कार्यालय पहुंची। उसने बताया कि उसने सलीम से जांजगीर-चांपा के एक मंदिर में विवाह किया है, जिसके बाद उसके परिवार और विशेषकर बेटों के साथ विवाद उत्पन्न हो गया। महिला ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से मदद की मांग की, जिस पर आवेदन को जांच में लिया गया। इसी मामले में 28 वर्षीय युवती ने भी शिकायत दर्ज कराई। युवती के अनुसार कोरोना काल के दौरान सलीम से उसकी पहचान हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। युवती ने बताया कि सलीम उसे दिल्ली भी ले गया था और लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा। बाद में पता चला कि वह किसी अन्य महिला के साथ भी संपर्क में है। पीड़िता के अनुसार, सलीम ने एक अन्य महिला से भी संपर्क बढ़ाया और उससे विवाह का वादा किया। बाद में मंदिर में विवाह किए जाने की जानकारी सामने आई, जिससे मामला और गंभीर हो गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी के मोबाइल में कई अन्य महिलाओं और युवतियों से बातचीत एवं चैटिंग के रिकॉर्ड मौजूद हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। एसएसपी के निर्देश पर आरोपी को हिरासत में लेकर खरसिया थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले में दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की शिकायतों पर पुलिस संवेदनशीलता और तेजी से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने यह भी अपील की कि किसी भी व्यक्ति से संबंध बनाने से पहले उसकी पूरी जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Go to News Site