Dainik Bhaskar
कच्चा तेल संकट के बीच केंद्र सरकार ने तेल कंपनियों और आम जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपए प्रति लीटर थी, जिसे अब 10 रुपए घटाकर 3 रुपए कर दिया गया है। वहीं, डीजल पर यह ड्यूटी 10 रुपए प्रति लीटर थी, जिसे अब पूरी तरह खत्म यानी जीरो कर दिया गया है। सरकार के इस कदम से तेल कंपनियों के मार्जिन में सुधार होने की उम्मीद है। पेट्रोल और डीजल की कीमत पर बढ़ने से रोकने के लिए ये कदम सरकार ने उठाया है। मोदी ईरान जंग पर आज मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 मार्च को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्रियों से बात करेंगे। इसमें ईरान जंग के बाद बिगड़े हालात पर चर्चा संभव है। चुनावी राज्यों के सीएम इसमें शामिल नहीं होंगे। मोदी ने 24 मार्च को राज्यसभा में कहा था कि ईरान जंग जारी रही तो इसके गंभीर नतीजे होंगे। आने वाला समय कोरोनाकाल जैसी परीक्षा वाला होगा। केंद्र और राज्य को मिलकर काम करना होगा। वहीं, सरकार ने आज देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी की खबरों को खारिज कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि दुनिया में कुछ भी हो जाए, भारत के पास 60 दिन का पेट्रोल, डीजल है।
Go to News Site